सीहोर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के विकासखंड शिक्षा केंद्रों में खाली पड़े विकासखंड अकादमिक समन्वयक और जनशिक्षक के पदों को भरने की प्रक्रिया को बड़ा झटका लगा है। जिला शिक्षा केंद्र द्वारा 5 अगस्त को डाइट सीहोर में आयोजित होने वाली काउंसलिंग को अपरिहार्य कारणों से अचानक निरस्त कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला परियोजना समन्वयक ने इस स्थगन का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
पूर्व में जारी समय-सारणी और निर्देशों (राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के पत्र क्रमांक 3740 और जिला शिक्षा केंद्र के पत्र क्रमांक 1381) के अनुसार 5 अगस्त को काउंसलिंग का आयोजन सीहोर डाइट में किया जाना तय था। हालांकि अचानक जारी किए गए नए आदेश के तहत इस प्रक्रिया को फिहाल रोक दिया गया है। विभाग का कहना है कि काउंसलिंग की संशोधित और नई तारीख की सूचना जल्द ही पृथक से जारी की जाएगी। इस संबंध में जिले के समस्त उच्च श्रेणी शिक्षकों और माध्यमिक शिक्षकों को सूचित कर दिया गया है।
प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरे जाने हैं पद
बता दें राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल ने सत्र 2026-27 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत प्रत्येक विकासखंड स्रोत केंद्र में 5 अकादमिक समन्वयक जिसमें 2 विज्ञान संकाय, 1 सामाजिक विज्ञान और 2 भाषा संकाय 1 अंग्रेजी अनिवार्य के पद भरे जाने हैं। इसके अलावा जनशिक्षा केंद्र स्तर पर प्रति 10 विद्यालयों पर 1 जनशिक्षक की पदस्थापना की जानी है।
पात्रता और पुरानी समय-सारणी
इस प्रतिनियुक्ति प्रक्रिाय के लिए आवेदक का उच्च श्रेणी शिक्षक या माध्यमिक शिक्षक होना अनिवार्य है, जिसकी आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 52 वर्ष से अधिक न हो। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार वरिष्ठता सूची 25 जुलाई तक तैयार की जानी थी। काउंसलिंग 5 अगस्त को प्रस्तावित थी, जो अब स्थगित हो चुकी है। अंतिम चयन सूची 13 अगस्त तक जारी की जानी थी। पदस्थापना आदेश कलेक्टर के अनुमोदन के बाद 20 अगस्त तक जारी किए जाने थे।


