सीहोर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुक्रवार को सीलखेड़ा से मुंगावली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक खदान में बड़ा हादसा हो गया। यहां गणेश विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से सीलखेड़ा निवासी 16 वर्षीय अतुल अहिरवार पिता अजब सिंह अहिरवार की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सीलखेड़ा से मुंगावली रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित खदान के पानी में अतुल गांव के अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गया था। विसर्जन के दौरान अचानक अतुल का संतुलन बिगड़ गया और वह खदान के गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने खुद ही पानी में उतरकर तलाश शुरू की और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अतुल को गहरे पानी से बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत निजी वाहन से उपचार के लिए अहमदपुर ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। हालांकि दोराहा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
2 घंटे देर से पहुंची पुलिस
सीलखेड़ा के ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए बताया कि विसर्जन स्थल पर पुलिस का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष इस खदान पर विसर्जन के दौरान दो पुलिस जवान तैनात किए गए थे, लेकिन इस बार प्रशासन की ओर से किसी भी जवान की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। इसके अलावा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद पुलिस सूचना देने के 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक सारे काम हो चुके थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे और ग्रामीणों के आरोपों के संबंध में एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


