Sehore News: सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। कोतवाली चौराहे से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होता हुआ यह मार्च अटल चौराहे पर समाप्त हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां व तख्तियां लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना तीखा विरोध दर्ज कराया।
अटल चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा ष्वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मां भारती की वंदना और हमारे अमर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का प्रतीक है। जिस गीत ने आजादी के आंदोलन में लाखों देशवासियों में ऊर्जा भरी, उसका अनादर करना कांग्रेस की विकृत मानसिकता को दर्शाता है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का यह आचरण निंदनीय है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय प्रतीकों की अनदेखी की
विधायक सुदेश राय ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व का यह रवैया देश के 140 करोड़ नागरिकों की भावनाओं पर कुठाराघात है। राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है, लेकिन कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लगातार मर्यादाओं को तार-तार कर रहा है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंंस विकास राठौर ने भी कांग्रेस के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उसे राष्ट्रविरोधी सोच करार दिया।
कैंडल मार्च में जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, युवा मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ नेता सीताराम यादव, जसपाल सिंह अरोरा, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, युवा मोर्चा महामंत्री हर्षित मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन और राष्ट्र की एकता के संकल्प के साथ हुआ।


