Sehore: राष्ट्रीय पर्व से पहले देशभक्ति के रंग में रंगा पुलिस लाइन

Sehore News: सीहोर। 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य और व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर गुरुवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान राष्ट्रीय पर्व से पहले ही पूरा पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर नजर आया।
समारोह के पूर्वाभ्यास के तहत आयोजित फाइनल रिहर्सल का पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना ने संयुक्त रूप से जायजा लिया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मुख्य स्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
ध्वजारोहण से लेकर मार्च पास्ट का हुआ पूर्वाभ्यास
अंतिम रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त के मुख्य समारोह में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का क्रमवार अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की टुकडिय़ों द्वारा अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने परेड की चाल, कदमताल और तालमेल को देखा तथा जरूरी सुधार के निर्देश दिए। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल की गई। मुख्य मंच पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का नियमानुसार पूर्वाभ्यास किया गया।
ट्रैफिक प्रबंधन के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय पर्व के मुख्य समारोह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वारों, वीआईपी एवं आम नागरिकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों, सुरक्षा बलों की तैनाती और शहर के ट्रैपिुक डायवर्जन प्लान की विस्तृत जानकारी ली और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मंच व्यवस्था का जायजा
अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना ने मुख्य मंच, ध्वजारोहण स्थल, अतिथियों एवं आम नागरिकों की बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ सफाई और विद्युत आपूर्ति जैसे बुनियादी प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले आम नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
स्वतंत्रता दिवस के इस मुख्य पूर्वाभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।