Sehore: 10 अगस्त को आयोजित होगा भव्य झूला उत्सव व भजन संध्या

Sehore News: सीहोर। पवित्र सावन महीने के अवसर पर पूरी सीहोर नगरी भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आ रही है। शहर का कोना-कोना हर हर महादेव और भगवान श्री हरि के जयकारों से गुंजायमान है। एक ओर जहां कुबेरेश्वर धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों की धूम से शहर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया है।
सावन माह में कुबेरेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से आ रहे श्रद्धालु सीहोर की पवित्र सीवन नदी के तट पर पहुंच रहे हैं। यहां श्रद्धालु सीवन नदी का पवित्र जल अपने कमंडलों और कलशों में भरकर पैदल ही कुबेरेश्वर धाम की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा मार्ग भक्तिमय बना हुआ है।
10 अगस्त को आयोजित होगा झूला उत्सव
इसी कड़ी में शहर में एक विशेष धार्मिक आयोजन की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 10 अगस्त सोमवार को झूला उत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य नागोरिया पीठाधीश्वर स्वामी श्री विष्णुप्रपन्नाचार्य जी महाराज के मंगल शासन एवं आशीर्वाद से संपन्न होगा। कार्यक्रम रात्रि 8.00 बजे से मैसर्स गोपी किशन चांडक, पावर हाउस चौराहा पर रखा गया है। इस दौरान श्री बालकृष्ण लाल जी का भव्य झूला उत्सव एवं सुमधुर भजन संध्या का आयोजन किया गया है।
आयोजक कमल कुमार चांडक एवं समस्त चांडक परिवार ने शहर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस पावन झूला उत्सव और भजन संध्या में उपस्थित होकर भगवान श्री बालकृष्ण लाल जी का दर्शन-पूजन कर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।