Sehore: हरी सब्जियों ने उगली 6 लाख की देशी-विदेशी अवैध शराब

Sehore News: सीहोर। भोपाल की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप में स्नैक्स और हरी सब्जियों के क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब साढ़े छह लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब को बुधनी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना बुधनी पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप सहित कुल 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अगस्त को बुधनी थाना पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भोपाल की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप में ऊपर स्नैक्स सामग्री और हरी सब्जियों के क्रेट रखे गए हैं, जिनके नीचे भारी मात्रा में अवैध मदिरा छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही तत्काल हरकत में आई पुलिस टीम ने गडरिया नाला क्षेत्र में नाकाबंदी कर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही पिकअप चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और उसे तेजी से रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ा दिया। स्टेशन के सामने वाहन खड़ा कर चालक पास की झाडिय़ों और जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
केे्रट हटाते ही निकली देशी-अंग्रेजी शराब
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब लावारिस पिकअप की गहराई से तलाशी ली तो ऊपर बिछाई गई 18 बोरी स्नैक्स और 15 सब्जी परिवहन क्रेटों के नीचे भारी मात्रा में शराब की पेटियां मिलीं। वाहन से 1ए187ण्28 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी और देशी मदिरा शामिल है। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 46 हजार 248 रुपए आंकी गई है।
तस्करों की तलाश शुरू
बुधनी पुलिस ने अज्ञात फरार चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार चालक की पतासाजी के साथ-साथ शराब के मुख्य स्रोत और तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।