Sehore News: सीहोर। मूसलाधार बारिश के बीच शहरवासियों के लिए राहत की एक बड़ी खबर भी सामने आई है। नगर पालिका द्वारा सीटू-2 नाले पर बनाई जा रही रिटर्निंग वॉल ने इस बार शहर के एक बड़े हिस्से को डूबने से बचा लिया। हालांकि इस सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य अभी आधा-अधूरा ही हुआ है, लेकिन सीजन की पहली ही भारी बारिश में यह अधूरी दीवार भी क्षेत्रवासियों के लिए वरदान साबित हुई। स्थानीय निवासियों के अनुसार हर साल इतनी भीषण बारिश होने पर शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र और रानी मोहल्ला के घरों तथा दुकानों में नाले का पानी भर जाता था, जिससे लाखों का नुकसान होता था। यदि इस बार यह रिटर्निंग वॉल नहीं बनी होती तो उफनते नाले का पानी सीधे बाजारों और रिहायशी इलाकों में तबाही मचाता। अधूरी होने के बावजूद इस दीवार ने पानी के तेज बहाव को रोककर शहर को जलमग्न होने से बचा लिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बड़ी राहत की सांस ली है।


