Sehore: सीवन तट से कुबेरेश्वरधाम तक गूंज रहे जयकारे

Sehore News: सीहोर। पवित्र सावन मास में शहर के सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु करीब 11 किलोमीटर के इस तीर्थ पथ पर पैदल, नंगे पैर और कई भक्त दंडवत करते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। इस बीच सावन के दूसरे सोमवार यानी 10 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।
बता दें सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक का पूरा मार्ग इन दिनों शिवभक्ति में सराबोर है। कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए रास्ते में कई स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने सेवा पंडाल लगाए हैं। इन पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए चाय, बिस्किट, नाश्ता, पेयजल, फलाहार और खिचड़ी का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है, जहां सेवादार पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
निंदा की चिंता छोड़ें, भगवान पर रखें अटूट विश्वास
ऑनलाइन श्री कांवड़ शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को जीवन में आलोचना और निंदा को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आलोचक और निंदक हमें अपनी गलतियों को सुधारने का मौका देते हैं। हमें दूसरों की निंदा की चिंता करने के बजाय भगवान पर अटूट विश्वास रखना चाहिए।
पंडित मिश्रा ने कहा कि मंदिरों में उमडऩे वाली भीड़ से ज्यादा जरूरी भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा है। शिव को जल अर्पित करते समय मन में पक्का भरोसा होना चाहिए, क्योंकि यही सच्ची आस्था इंसान को कठिन परिस्थितियों से लडऩे की ताकत देती है। कथा के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की मीरा वर्मा के परिवार का पत्र साझा करते हुए बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान भी परिवार ने चिकित्सा के साथ भगवान शिव पर भरोसा और पशुपति व्रत जारी रखा, जिससे सकारात्मक परिणाम मिले।
10 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को मध्यप्रदेश इंफ्लुएंसर के सहयोग से भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा दोपहर 1 बजे शहर के सीवन नदी तट से प्रारंभ होकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचेगी। इस यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है, जिसे लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का माहौल है।