Sehore: सीएम यादव के नक्शेकदम पर चले प्रिंस…

Sehore News: सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन और जन-सेवा के संकल्प को साकार करने के लिए सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। शुक्रवार को जहां एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा से प्रदेशव्यापी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ किया, वहीं दूसरी ओर सीहोर में नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सीएम के नक्शेकदम पर चलते हुए बड़ा बाजार से इस महत्वाकांक्षी अभियान का भव्य आगाज किया।
दोपहर 2 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, नपा अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
अब सरकार जनता के द्वार
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रशासन को सीधे आम जनता के दरवाजे तक पहुंचाया जा रहा है। अब सीहोर के नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों और नगर पालिका के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
प्रिंस राठौर ने कहा अनबन नहीं, देरी नहीं, दूरी नहीं… मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, अब सरकार हमारे द्वार के मूलमंत्र के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। शहर का हर काम समय पर, पूरी पारदर्शिता के साथ, बिना किसी सिफारिश और बिना किसी अकारण देरी के पूरा होगा।
मौके पर ही होगा इन समस्याओं का समाधान
नपा अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि इस अभियान के माध्यम से नागरिकों की वर्षो से लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा, जिनमें संपत्तियों का नामांतरण और भवन कर से जुड़े प्रकरणों का बिना रुकावट त्वरित निपटारा होगा। ई.केवाईसी और समग्र आईडी अपडेट का काम बिना किसी झंझट के तुरंत किया जाएगा। स्थानीय कुटीर उद्योगों और व्यापारियों को एनओसी व आवश्यक स्वीकृतियां सुपरफास्ट प्रक्रिया से दी जाएंगी, ताकि शहर में व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों और नए नल कनेक्शन के आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
प्रिंस राठौर ने की नागरिकों से अपील
नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित कार्यों का शीघ्र समाधान कराएं। उन्होंने दोहराया कि नगर पालिका प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सुशासन की सुविधाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक आसानी से पहुंचाना है।