@सीहोर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर सीहोर में श्रद्धा, आस्था और शिवभक्ति का ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को शिवमय कर दिया। कथा वाचक #पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य में मंगलवार को सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम तक निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा के 22 घंटे बीत जाने के बाद भी बुधवार दोपहर 12 बजे तक सीहोर से लेकर भोपाल तक श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल बनी हुई है। देश के कोने-कोने से आए लाखों भक्त अब अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। बता दें मंगलवार दोपहर 3 बजे #कुबेरेश्वर धाम पर यात्रा का समापन हुआ था।


बुधवार दोपहर 12 बजे तक सीहोर से भोपाल के 40 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सैकड़ों की तादाद में ऑटो और वाहन चलते नजर आए। ऑटो की यह कतार किसी चलती हुई ट्रेन जैसी दिख रही थी। श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम से सीधे भोपाल और सीहोर के रेलवे व बस स्टेशनों पर पहुंच रहे हैं।
सीहोर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। रेलवे द्वारा कई ट्रेनों के विशेष स्टॉपेज दिए जाने के बावजूद स्थिति यह है कि सामान्य से लेकर रिजर्वेशन कोच तक में जिसे जहां जगह मिल रही है, वह वहीं सवार हो रहा है। आम हो या खास, सभी ट्रेनें इस वक्त शिवभक्तों से भरी हुई नजर आ रही हैं।

स्वच्छता में डटे रहे 300 से अधिक नपा कर्मचारी
लाखों की भीड़ के गुजरने के बाद सीहोर नगर पालिका का अमला मुस्तैदी के साथ शहर की सफाई और व्यवस्थाओं को संभालने में जुटा है। सीवन नदी तट पर कांवडय़िों को जल भरने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका ने विशेष रूप से 600 नल लगाए थे। 300 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी पेयजल, यातायात और सफाई व्यवस्था में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए दर्जनों कचरा वाहन और सफाईकर्मियों की टीमें लगातार काम में जुटी हुई हैं। लाखों श्रद्धालुओं की मेजबानी के बाद अब सीहोर नपा का यह स्वच्छता अभियान शहर को वापस सामान्य स्थिति में लाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ जारी है।


