सीहोर में वायरल मैसेज ने बढ़ाई पार्टी की चिंता…

Sehore News: सीहोर। दतिया चुनाव के बाद सीहोर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में फैली नर्वसता अब खुलकर सामने आने लगी है। इन दिनों जिले में एक विशेष मैसेज कार्यकर्ताओं के मोबाइल पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो संगठन में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उनके मनोबल के गिरते स्तर की ओर बड़ा इशारा कर रहा है।
वायरल मैसेज में कार्यकर्ताओं के दर्द और अनदेखी को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
मैसेज में लिखा गया है… भाजपा को किसी भी राजनीतिक दल से उतना खतरा नहीं है, जितना अपने ही कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से है। कुछ लोग स्वयं को ही सर्वश्रेष्ठ समझने लगते हैं, जबकि संगठन की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है।
हर राजनीतिक दल अपनी नियमित बैठकें करता है, लेकिन भाजपा में लगातार बैठकें, कार्यशालाएं, अभियान और महापुरुषों की जयंती जैसे कार्यक्रम चलते रहते हैं। कार्यक्रम आवश्यक हैं, लेकिन यह भी उतना ही आवश्यक है कि कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले, उनकी बात सुनी जाए और उन्हें केवल व्यस्त रखने का माध्यम न बनाया जाए।
मैं प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से एक ही प्रश्न पूछना चाहता हूं कि 2014 से पहले भी क्या इतने अभियान और कार्यशालाएं होती थीं, इसका संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। सरकारें केवल अभियानों से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, अच्छे कार्यों और जनसेवा से बनती और टिकती हैं।
मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार बैठकों में लगे रहते हैं। हर सप्ताह बैठकें, सेक्टर बैठकें, बूथ बैठकें होती हैं, लेकिन क्या कभी किसी ने यह भी सोचा कि इन बैठकों में आने-जाने का खर्च, समय और अन्य व्यवस्थाएं कार्यकर्ता कैसे करता है।
कार्यकर्ता का भी परिवार है, सामाजिक दायित्व हैं और व्यक्तिगत जिम्मेदारियां हैं। यदि कार्यकर्ता का सम्मान, सहयोग और मनोबल बना रहेगा, तभी संगठन भी मजबूत रहेगा। कार्यकर्ता केवल नारे लगाने के लिए नहीं, बल्कि संगठन की नींव है। कार्यकर्ता मजबूत होगा तो संगठन और सरकार दोनों मजबूत होंगे।
सदैव आपका
भाजपा कार्यकर्ता