सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंगावली में शुक्रवार शाम खेत के रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के लोगों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर तलवार, फरसे और डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में कुल 5 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल रामचंद्र कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसारए ग्राम मुंगावली में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम रामचंद्र कुशवाहा, रविंद्र कुशवाहा, युवराज कुशवाहा और गोलू कुशवाहा अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सुरेश माली और उसके बेटे वहां पहुंचे। रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर सुरेश माली और उसके बेटों ने तलवार, फरसे और डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से खेत में मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
एक की हालत गंभीर, भोपाल रेफर
हमले में घायल हुए लोगों को परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हमले में रामचंद्र कुशवाहा को गंभीर चोटें आईं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर कर दिया। वहीं रविंद्र कुशवाहा, युवराज कुशवाहा और गोलू कुशवाहा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना में कुल 5 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, हालांकि पांचवें घायल व्यक्ति की पहचान और उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
संगठन के पदाधिकारी के रिश्तेदार हैं घायल
बताया जा रहा है कि हमले में घायल हुए लोग विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के जिला प्रभारी जगदीश कुशवाहा के रिश्तेदार हैं, जिनमें उनके जीजा और भांजे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और संगठन के कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे। हमले को लेकर परिजनों में नाराजगी देखी गई।
गांव में तनाव, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
धारदार हथियारों से हुए हमले के बाद ग्राम मुंगावली में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हमलावरों के फरार होने के बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है तथा विवाद के कारणों और इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


