पूर्व सैनिकों ने निकाली तिरंगा यात्रा, बारिश और ढोल-नगाड़ों के बीच गूंजे देशभक्ति के नारे

सीहोर। नगर में स्वतंत्रता दिवस और देशभक्ति के माहौल के बीच एक्स सर्विसमेन लीग के तत्वावधान में रविवार को भव्य मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों वर्तमान और पूर्व सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सुबह 9.00 बजे भोपाल नाका स्थित हनुमान मंदिर के समीप अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद तिरंगा लहराते और देशभक्ति के जयकारे लगाते हुए बाइक सवार पूर्व सैनिकों का काफिला शहर कोतवाली चौराहे की ओर बढ़ा।
अटल चौक पर हुआ स्वागत
शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई यह यात्रा लिसा टॉकीज के समीप अटल तिराहे पहुंची। यहां अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अटल चौराहे पर जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य शंकर पटेल भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे और पूर्व सैनिकों का हौसला बढ़ाते हुए भारत माता के जयकारे लगाते दिखे।
झमाझम बारिश के बीच गूंजे नारे
मौसम के बदलते मिजाज और गिरती बारिश के बावजूद यात्रा में शामिल पूर्व सैनिकों और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ यात्रा मनकामेश्वर मंदिर, अस्पताल चौराहा और बस स्टैंड से होती हुई टाउन हॉल पहुंची। टाउन हॉल परिसर में भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थित सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया, जिसके साथ ही इस मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।