नौ अगस्त से शुरू होगा हर घर तिरंगा अभियान, भाजपा नगर मंडल की बैठक में बनी रणनीति

Sehore News: सीहोर। शहर के लीसा टॉकीज चौराहा स्थित विधायक कार्यालय पर बुधवार को भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब राष्ट्रभक्ति का एक जनआंदोलन बन चुका है। इसने आम नागरिकों के दिलों में तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक मजबूत किया है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मन की बात कार्यक्रम पर चर्चा
बैठक में संत रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके अलावा हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ स्तर पर अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने पर जोर दिया गया।
9 अगस्त से चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
नगर मंडल अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 9 अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आम जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मंडल प्रभारी धारासिंह पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को आगामी अभियानों को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सफल बनाने का मार्गदर्शन दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस दौरान मंडल प्रभारी धारासिंह पटेल, पूर्व जिला महामंत्री रवि नागले, जिला मीडिया प्रभारी प्रीतेश राठौर, जिला मंत्री प्रीति सोनी, सह मीडिया प्रभारी पवन जैन, संयोजक डॉ. गगन नामदेव सहित पार्टी के वरिष्ठ जन, मंडल पदाधिकारी, पार्षदगण, मोर्चा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।