Sehore News: सीहोर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दतिया के नतीजों से उत्साहित पार्टी नेतृत्व ने अब 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने पर पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश भर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को अचानक दिल्ली बुलाया गया है।
सीहोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती भी इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित इस हाई प्रोफाइल बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी।
वेणुगोपाल करेंगे समीक्षा
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल मध्य प्रदेश के पूरे संगठनात्मक ढांचे का रिपोर्ट कार्ड खंगालेंगे। दिल्ली में यह मंथन दो चरणों में आयोजित किया गया है। – पहला चरण में राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात और जिलावार रिपोर्ट पर गहन चर्चा करेंगे। दूसरे राउंड में प्रदेश भर से आए जिलाध्यक्षों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा और उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
2028 की तैयारी शुरू
दतिया उपचुनाव के नतीजों ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व में नई ऊर्जा फूंक दी है। पार्टी इस बढ़ी हुई ऊर्जा और माहौल का इस्तेमाल निचले बूथ और ब्लॉक स्तर तक अपने नेटवर्क को चुस्त-दुरुस्त करने में करना चाहती है। सीहोर जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती का इस बैठक में शामिल होना स्थानीय संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


