- सीहोर। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आज शनिवार शाम 6 बजे सिद्धपुर के मुख्य बस स्टैंड परिसर में सनातनी मटकी फोड़ महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार आयोजन को लेकर तैयारियां पिछले 15 दिनों से चल रही हैं और इसे भक्तिए रोमांच और परंपरा के संगम के रूप में भव्य रूप दिया जा रहा है।
मुख्य आयोजक विवेक राठौर अपनी पूरी टीम के साथ विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचे और ग्रामीणों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। आयोजकों का उद्देश्य जन्माष्टमी को केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सामूहिक धार्मिक उत्सव के रूप में मनाना है, जिसमें पूरा सीहोर कृष्णमय हो जाए।
एक लाख के इनाम के लिए होगा जोरदार मुकाबला
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में इस बार प्रदेशभर से करीब एक दर्जन टीमें हिस्सा ले रही हैं। ऊंचाई पर टंगी मटकी को फोडऩे के लिए टीमें मानव पिरामिड बनाएंगी, जिसमें संतुलन, साहस, ताकत और आपसी तालमेल की कड़ी परीक्षा होगी। विजेता टीम को आकर्षक एक लाख रुपए नकद और भव्य ट्रॉफी प्रदान की जाएगीए जिसके चलते टीमों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पहली बार महिला टीम बनेगी आकर्षण
इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण महिला टीम की भागीदारी होगी। आयोजकों के अनुसार पहली बार महिलाएं मटकी फोड़ प्रतियोगिता के मैदान में उतरेंगी। यह टीम भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के बीच सामूहिक साहस, संतुलन और तालमेल का प्रदर्शन करेगी। महिला टीम के शामिल होने से आयोजन को एक नया और प्रेरणादायक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
भोपाल समेत कई शहरों से आएंगी टीमें
प्रतियोगिता में सीहोर के अलावा भोपाल, बैरसिया, मैना, आमाझिर, रातीबड़ सहित विभिन्न स्थानों की टीमें पंजीयन करा चुकी हैं। वहीं सीहोर नगर के ग्वालटोली की टीम भी पहली बार इतने बड़े आयोजन में हिस्सा लेगी, जिसके लिए युवा खिलाड़ी पिछले कई दिनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं। आने वाले घंटों में कुछ और टीमों के शामिल होने की संभावना है।
सजेगा मिनी वृंदावन और गूंजेगा हनुमान भजन
जन्माष्टमी पर सिद्धपुर को मिनी वृंदावन का स्वरूप देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्य बस स्टैंड परिसर में भव्य मंच और आकर्षक सजावट की जा रही है। पूरे परिसर में कृष्ण भक्ति गीत, धार्मिक वातावरण और बाल गोपाल की लीलाओं की झलक देखने को मिलेगी। इस भक्ति माहौल में हनुमान अंश मूवी के प्रसिद्ध भजन मैं तेरे ही सहारे हनुमान के गायक सुनील लोधी अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे। उनके भजनों से आयोजन में भक्ति और ऊर्जा का नया रंग जुड़ जाएगा और जय कन्हैया लाल की के जयघोष के साथ पूरा सिद्धपुर झूम उठेगा।
आयोजकों के अनुसार कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। बजरंग दल के प्रांत टोली सदस्य विवेक राठौर और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में आयोजन समिति मंच, सजावट, सुरक्षा और जन सुविधाओं की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। समिति ने सभी नागरिकों से आज शाम परिवार सहित पहुंचकर महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।


