कलारी में चोरी, #बीयर और शराब पर हाथ साफ

@सीहोर। अब तक तो किराना, घर सहित अन्य दुकानों में चोरी की वारदात होती थी, लेकिन अब तक कलारी (शराब की दुकान) भी सुरक्षित नहीं है। डोबी स्थित कलारी में अज्ञात बदमाशों ने देर रात धावा बोलकर लाखों रुपये की नगदी और शराब की बोतलें पार कर दीं। चोर दुकान के सामने हिस्से की टीन उखाडक़र भीतर घुसे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान के सेल्समैन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 1 सितंबर की रात करीब 11.30 बजे वह दुकान बंद करके सो गया था। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वह उठाए तो देखा कि दुकान के सामने की टीन उखड़ी हुई थी। अंदर जाकर देखने पर फ्रिज का दरवाजा खुला मिला और जांच करने पर 6 बीयर कैन, दो मैजिक जामुन की बोतलें तथा एक अन्य शराब का क्वार्टर गायब था।
उड़ाए 1 लाख से अधिक रुपये
चोरों ने दुकान में रखे गल्लों कैश पेटी को भी निशाना बनाया। सेल्समैन के मुताबिक दुकान में रखी दो गल्ला पेटियों में से एक पेटी गायब थी, जिसमें बीते दिन की बिक्री के करीब 35 से 40 हजार रुपये रखे थे। वहीं दूसरी पेटी में रखी पिछले कुछ दिनों की बिक्री के 1 लाख रुपये से अधिक की नगदी और ठेकेदार के दस्तावेज व फोटो गायब मिले।
सीसीटीवी में नजर आए धुंधले चेहरे
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं, हालांकि रात के अंधेरे में उनके चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। घटना की जानकारी तुरंत ठेकेदार को दी गई और स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जांच शुरू की है।