#Sehore, सीहोर। अंतिम संस्कार के दौरान शवयात्रा को आधे रास्ते में रोककर पार्थिव शरीर के पास पांच पत्थर रखने की वर्षों पुरानी परंपरा को लेकर शहर से लेकर राजधानी भोपाल तक बहस छिड़ गई है। भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने इस परंपरा के औचित्य पर सवाल उठाते हुए इसे ‘नवाबी दौर का टैक्स’ करार दिया है। उनके इस बयान के बाद शहर में समाज के विभिन्न वर्गों और बुद्धिजीवियों के बीच सोशल मीडिया पर अलगञअलग विचार सामने आने लगे हैं।
दरअसल बीते बुधवार को हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष सतीश राठौर के अंतिम संस्कार के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सांसद आलोक शर्मा शामिल हुए थे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अंतिम यात्रा से जुड़ी दो प्रमुख मान्यताओं पर खुलकर अपनी बात रखी।
भोपाल नवाब से जुड़ी है पांच पत्थर की कहानी
सांसद शर्मा ने कहा कि अंतिम यात्रा के आधे रास्ते में शव को विश्राम देकर पांच पत्थर रखने का उल्लेख हमारे किसी भी धर्मशास्त्र में नहीं मिलता है। इसके पीछे की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि पुराने समय में भोपाल में हिंदुओं के अंतिम संस्कार के लिए कोई निर्धारित या उचित स्थान नहीं था। उसी दौर में भोपाल के नवाब गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे और तमाम इलाज के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। तब तत्कालीन ब्राह्मणपुरा (वर्तमान इब्राहिमपुरा) में रहने वाले एक वैद्यराज ने अपनी औषधियों से नवाब का सफल इलाज कर उन्हें जीवनदान दिया। इससे खुश होकर नवाब ने वैद्यराज को इनाम में सोने की गिन्नियां देने की पेशकश की, लेकिन वैद्यराज ने स्वर्ण मुद्राएं लेने के बजाय समाज के हित में हिंदुओं के दाह संस्कार के लिए भूमि की मांग रख दी।
टैक्स की निशानी थे पत्थर, अब फूल चढ़ाएं
सांसद के अनुसार वैद्यराज की मांग पर नवाब ने भोपाल के छोला क्षेत्र में शमशान घाट के लिए जमीन तो आवंटित कर दी, लेकिन साथ ही एक शर्त भी जोड़ दी। शर्त के मुताबिक अंतिम यात्रा के दौरान विश्राम घाट से कुछ दूरी पहले पार्थिव शरीर को रखकर वहां पांच पत्थर डालने होंगे और कर (टैक्स) अदा करना होगा। आलोक शर्मा ने कहा कि तभी से यह प्रथा चली आ रही है, जिसे आज का समाज अनजाने में धार्मिक परंपरा मान बैठा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अब देश आजाद है और हमें अंतिम संस्कार के लिए किसी भी तरह का टैक्स देने की जरूरत नहीं है। इसलिए इस पुरानी परंपरा को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि लोग चाहें तो पांच पत्थरों की जगह श्रद्धा स्वरूप पार्थिव शरीर के पास पांच फूल जरूर अर्पित कर सकते हैं।
महिलाओं के शमशान जाने को बताया अनुचित
अपने संबोधन के दौरान सांसद शर्मा ने एक अन्य संवेदनशील विषय पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आजकल कई मामलों में देखने में आ रहा है कि महिलाएं भी शमशान घाट पहुंच रही हैं और परिजनों को मुखाग्नि दे रही हैं। गरुड़ पुराण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार महिलाओं का शमशान जाना उचित नहीं है और इससे आने वाली पीढिय़ों को नुकसान उठाना पड़ता है। सांसद के इस बयान के बाद से ही सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। एक वर्ग जहां पांच पत्थर की परंपरा को लेकर बताए गए ऐतिहासिक तथ्य से सहमत नजर आ रहा है, वहीं महिलाओं के शमशान जाने को लेकर दिए गए बयान पर समाज में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मैंने तो ऐसा कही नहीं पढ़ा
शहर के वरिष्ठ नागरिक ओमदीप का कहना है कि सीहोर को छोड़ देें तो अन्य क्षेत्रों में यह परम्परा नहीं है। इसके पीछे क्या अवधारण क्या है, यह हम कुछ नहीं कह सकते हैं। यह धार्मिक नहीं, बल्कि एक टोटका है। भोपाल नवाब द्वारा इस तरह का कोई टैक्स नहीं लगाया था। यह किसी परम्परा में आ गया होगा। नवाब से कोई लेना देना नहीं है, इस तरह की बातें नवाबी इतिहास में मेरे पढऩे में कभी नहीं आई।


