विदेश में बैठे विधायक को सताई पीडि़तों की चिंता, अंचल का हाल जानने भांजे को भेजा

Sehore News: सीहोर। निजी कारणों से विदेश यात्रा पर गए सीहोर विधायक सुदेश राय दूर सात समंदर पार बैठकर भी अपने क्षेत्र की जनता की सुध ले रहे हैं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से जब कई ग्रामीणों के आशियाने उजड़ गए तो विधायक ने सोशल मीडिया के जरिए हालात की जानकारी ली। विदेश में होते हुए भी उन्होंने तत्काल सक्रियता दिखाई और अपने भांजे व विधायक प्रतिनिधि राजकुमार जायसवाल को प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए।
विधायक के निर्देश पर रिंकू जायसवाल प्रशासनिक टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ श्यामपुर तहसील के प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बनखेड़ा गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में बारिश से बेघर हुए पीडि़तों से विधायक सुदेश राय की सीधे वीडियो कॉल पर बात करवाई। विधायक ने पीडि़तों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा निजी कारणों से अभी आपके बीच नहीं हूं, लेकिन आप खुद को अकेला न समझें। आपका पूरा ध्यान रखा जाएगा और प्रशासन से हर संभव मदद दिलाई जाएगी।
5-5 हजार की तात्कालिक राहत
मूसलाधार बारिश के चलते ग्राम बनखेड़ा में चार मकान जमींदोज हो गए थे। उजड़े आशियानों की खबर मिलते ही विधायक प्रतिनिधि रिंकू जायसवाल मौके पर पहुंचे और पीडि़त लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, संतोष श्रीवास्तव, लालाराम चौकीदार तथा रमा बाई विश्वकर्मा को तत्काल 5-5 हजार रुपये की फौरी आर्थिक सहायता दी। उन्होंने परिवारों को जल्द से जल्द पक्का प्रशासनिक मुआवजा दिलाने का भी भरोसा दिलाया।
दर्जनों गांवों में बारिश का तांडव, अलर्ट पर प्रशासन
बारिश के कारण पूरे श्यामपुर क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। रिंकू जायसवाल ने एसडीएम तन्मय वर्मा, जनपद सीईओ और तहसीलदार के साथ बैरागढ़ खुमान, दोराहा, चरनाल, बरखेड़ा हसन, अहमदपुर, छतरी और बिछिया जैसे दर्जनों जलमग्न गांवों का जायजा लिया। जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे।