Sehore: कल 11 अगस्त को घर-घर बनेंगे पार्थिव शिवलिंग

सीहोर। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर आगामी 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर समूचे विश्व में पार्थिव शिवलिंग निर्माण और ऑनलाइन महा अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 से 8 बजे तक होने वाले इस 1 घंटे के विशेष अनुष्ठान के दौरान देश विदेश के श्रद्धालु अपने अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग बनाकर कुबेरेश्वर धाम से प्रसारित ऑनलाइन पूजा से जुड़ेंगे।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि वर्ष 2021 में इस अनुष्ठान से 73 करोड़ और पिछले वर्ष करीब 82 करोड़ श्रद्धालु जुड़े थे। इस वर्ष शिवभक्तों के अभूतपूर्व उत्साह को देखते हुए 1 अरब से अधिक सनातनियों के इस महा अनुष्ठान में शामिल होने का अनुमान है। पूजन के लिए गेहूं के दाने, कमल गट्टे, अक्षत, काली मिर्च, काले तिल, धतूरा, बेलपत्र, शमी पत्र, दूध, दही, शहद, पंचामृत और धूप दीप जैसी पूजन सामग्री निर्धारित की गई है।
कुबेरेश्वर धाम में उमड़ रही भारी भीड़
बता दें कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सावन मास में अब तक लगभग 12 लाख से अधिक श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर महादेव के दर्शन कर चुके हैं। सीवन नदी के पवित्र तट से जल भरकर पैदल कुबेरेश्वर धाम जाने वाले कांवडय़िों के कारण पूरा मार्ग हर हर महादेव और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयकारों से गुंजायमान है। समिति व स्थानीय प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
सेवा में जुटे सामाजिक संगठन
सीवन नदी तट से लेकर कुबेरेश्वर धाम तक के मुख्य मार्ग पर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा भव्य सेवा पंडाल लगाए गए हैं। इन पंडालों में कांवडिय़ों एवं श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चाय, नाश्ता और फलाहार की व्यवस्था की गई है। साथ ही विठलेश सेवा समिति की ओर से धाम परिसर में 24 घंटे निशुल्क भोजन प्रसादी का वितरण किया जा रहा है।