झमाझम बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने की अपील…

सीहोर। जिले में हो रही झमाझम बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर बालागुरु के. ने जिलेवासियों से अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और बारिश के दौरान किसी भी तरह का जोखिम न उठाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उफनते नदी-नालों और रपटों को पार करने की कोशिश न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
कलेक्टर ने नागरिकों को आगाह किया है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले, तालाब, डेम और जलप्रपात का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। इसलिए ऐसे स्थानों पर पिकनिक मनाने या घूमने जाने से पूरी तरह बचें। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को उफनते जलाशयों, नदियों और नालों के पास नहाने या खेलने के लिए न जाने दें और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें।
अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
मौसम के मिजाज को देखते हुए कलेक्टर बालागुरु के. ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिका सीएमओ और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मैदानी स्तर पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं, जिसमें जलभराव वाले क्षेत्रों, रपटों, पुल पुलियों, डेम और वॉटरफॉल पर पैनी नजर रखी जाए। स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतते हुए लोगों को समय-समय पर सचेत किया जाए। आवश्यकता पडऩे पर जोखिम वाले और निचले इलाकों से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।
आपात स्थिति में तुरंत करें सूचित
कलेक्टर ने जिलेवासियों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचना दें। सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है और सभी के सहयोग से ही जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।