बारिश @ सीहोर-श्यामपुर 7-8 इंच, जन जीवन प्रभावित

सीहोर। जिले में बीते 24 घंटों से जारी आफत की बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। रात 12 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते महज 5 घंटे में पूरा सीहोर और श्यामपुर जलमग्न हो गया। श्यामपुर में करीब 8 इंच (8.27 इंच) और सीहोर शहर में 7 इंच बारिश दर्ज की गई।
इस भीषण जलप्रलय के बीच एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। जमनी गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसूति के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में नाला उफान पर होने से रास्ता पूरी तरह बंद था। ऐसे में 108 एम्बुलेंस के ईएमटी सुभाष सेन, पायलट कमल सिंह मालवीय और एसडीआरएफ की टीम ने जलपरी की तरह मोर्चा संभाला। उफनती लहरों की परवाह किए बिना टीम ने जान जोखिम में डालकर महिला को सुरक्षित नाला पार कराया और समय रहते जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सडक़ें बंद, घरों और दफ्तरों में घुसा पानी
बारिश का सबसे भीषण असर सीहोर-श्यामपुर क्षेत्र में दिखा। सीवन नदी चद्दर पुल के ऊपर से बह रही है और सीटू नाला मछली पुल को पार कर चुका है। श्यामपुर बस स्टैंड, दोराहा जोड़, सीहोर मंडी, चरनाल-हिंगोनी, श्यामपुर-घाटपलासी और अहमदपुर मार्ग बंद हो गए हैं। श्यामपुर, चरनाल, झरखेड़ा, छतरी और खंडवा में कई मकानों में पानी भर गया। छापरी दोराहा और वनखेड़ा में दो कच्चे मकान ढह गए। इधर जिला मुख्यालय स्थित बिजली कंपनी का जोन-2 कार्यालय, 33 केवी सब-स्टेशन और स्टेशन रोड स्थित मां मनसा देवी मंदिर परिसर जलमग्न हो गया।
जन जीवन प्रभावित
बता दें जिले भर में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। भू-अभिलेख विभाग द्वारा 10 अगस्त को जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में बीते 24 घंटों के भीतर औसतन 3.96 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे अधिक बारिश श्यामपुर तहसील में दर्ज की गई, जहां 8.27 इंच पानी बरसा। वहीं जिला मुख्यालय सीहोर में 6.69 इंच बारिश हुई है। अन्य तहसीलों में दर्ज आंकड़ों की बात करें तो रेहटी में 4.67 इंच, बुधनी में 4.09 इंच, भेरूंदा में 3.23 इंच, इच्छावर में 3.03 इंच, आष्टा में 1.38 इंच तथा जावर में 0.35 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इस मानसूनी सीजन में 1 जून से लेकर अब तक जिले की कुल औसत बारिश का आंकड़ा 24.33 इंच तक पहुंच गया है, जबकि पूरे मानसून सीजन की जिले की सामान्य औसत वर्षा 45.21 इंच मानी जाती है। अब तक हुई कुल बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेहटी तहसील 27.59 इंच बारिश के साथ जिले में सबसे आगे है। इसके अलावा सीहोर में 25.98 इंच, बुधनी में 25.28 इंच, आष्टा में 24.49 इंच, भेरूंदा में 24.13 इंच, इच्छावर में 23.74 इंच, श्यामपुर में 23.36 इंच तथा जावर तहसील में अब तक 20.04 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
24 से 48 घंटे अलर्ट पर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बेहद सक्रिय है। इसके साथ ही मानसूनी द्रोणिका सीहोर और आसपास के जिलों से होकर गुजर रही है, जिससे बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों तरफ से भरपूर नमी मिल रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिसे लेकर प्रशासन सतर्क है और आम जन को नदी-नालों तथा रपटों से दूर रहने की सलाह दी गई है।