Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा राज्य के मछुआ समुदाय और मत्स्य पालन के क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। संचालनालय मत्स्योद्योग मध्य प्रदेश भोपाल के निर्देशों के परिपालन में सीहोर जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागीय घटकों हेतु पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार इस योजना के अंतर्गत मत्स्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आधुनिक संसाधनों से जोडऩे के लिए कई प्रमुख घटकों को शामिल किया गया है, जिनमें गुणवत्तापूर्ण मछली के बीज तैयार करने और संवर्धित करने हेतु सहायता। ग्रामीण तालाबों में मत्स्य एवं झींगा पालन के लिए उन्नत तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के लिए वित्तीय सहयोग। ताजी व स्वच्छ मछली के सुगम विक्रय हेतु आधुनिक रिटेल आउटलेट-स्मार्ट पार्लर निर्माण। वैज्ञानिक तरीकों, आधुनिक उपकरणों और बेहतर तकनीकों की जानकारी देने हेतु नि:शुल्क प्रशिक्षण।
आवेदन के लिए यह शर्त पूरा करना अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मत्स्य बीज संवर्धन, ग्रामीण तालाबों में मत्स्य पालन एवं झींगा पालन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक के पास शासकीय ग्रामीण तालाब न्यूनतम 10 वर्ष के पट्टे पर उपलब्ध होना अनिवार्य है। जिन आवेदकों के पास वैध पट्टा होगा, उन्हीं के आवेदनों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
योजना का लाभ उठाने के पात्र हितग्राही अपना आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग सीहोर में निर्धारित समयञसीमा के भीतर जमा कर सकते हैं। विभाग ने अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन जमा कर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


