सीहोर शिक्षा विभाग को 8.19 लाख रुपये का बजट स्वीकृत

25 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (वर्ष 2026-27) के क्रियान्वयन के लिए सीहोर जिले को 8 लाख 19 हजार 350 रुपये की व्यय सीमा बजट आवंटित की गई है। इस राशि का उपयोग साक्षरता कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, लंबित परीक्षा बिलों के भुगतान और जिला व विकासखंड स्तर पर मॉनिटरिंग एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाएगा।
मदवार बजट आवंटन
प्रशिक्षण कार्य: जिले के 1,529 साक्षरता कार्यकर्ताओं व मॉनिटरिंग अधिकारियों के प्रशिक्षण हेतु 150 रुपये प्रति प्रतिभागी की दर से 2,29,350 रुपये मंजूर किए गए हैं।
परीक्षा एवं मूल्यांकन: साक्षरता परीक्षाओं के लंबित देयकों के निपटारे के लिए 3,50,000 रुपये की राशि जारी की गई है।
प्रशासकीय व मॉनिटरिंग व्यय: सीहोर जिले के 5 विकासखंडों के लिए 50 हजार रुपये (10000 रुपये प्रति ब्लॉक) तथा जिला स्तर डीएईओ के लिए 1,90000 रुपये आवंटित किए गए हैं।
जिला स्तर पर होगा भुगतान
राज्य शिक्षा केन्द्र के अनुसार सभी देयकों का भुगतान नवीन एसएनए स्पर्श प्रणाली और आईएफएमआईएस पोर्टल के माध्यम से जिला स्तर से ट्रेजरी को भेजा जाएगा। विकासखंडों के बिलों का सत्यापन विकासखंड स्रोत समन्वयक द्वारा किए जाने के बाद जिला स्तर से भुगतान होगा।
मध्य प्रदेश भंडार क्रय एवं सेवा उपार्जन नियम-2022 का पालन करते हुए स्वीकृत राशि का उपयोग एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को New India Literacy Programme – Madhya Pradesh App ऐप के माध्यम से निरीक्षण दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।