Sehore: लंबे समय बाद सीहोर में मुस्कुराई कांग्रेस…

सीहोर। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने मध्य प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है, जिसकी गूंज सीहोर में भी साफ सुनाई दी। लगातार हार और संघर्ष के बीच लंबे समय बाद सीहोर जिले में कांग्रेस मुस्कुराई है। दतिया में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद सीहोर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती की उपस्थिति और शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में शहर के कोतवाली चौराहे पर कांग्रेसजनों ने भव्य विजय उत्सव मनाया।
बता दें दतिया के चुनावी नतीजे आते ही शहर के कोतवाली चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए। जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए जश्न मनाया। आतिशबाजी के धमाकों और ढोल की गूंज से पूरा चौराहा गुंजायमान हो उठा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी, जिससे काफी देर तक पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
जीतू पटवारी की मेहनत का परिणाम
विजय उत्सव के दौरान पूरे माहौल में एक नया राजनीतिक उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद और जीतू पटवारी जिंदाबाद के नारे लगाए। जश्न के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं के निष्ठावान संघर्ष का प्रतिफल है और खास तौर से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की मेहनत का नतीजा, जिन्होंने दतिया के 290 बूथों में से 250 पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
यह जीत तो महज एक शुरुआत है
राजीव गुजराती ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के कुशल मार्गदर्शन में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जमीन पर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीत तो केवल एक शुरुआत है, कांग्रेस जनता द्वारा जताए गए इस विश्वास को कभी टूटने नहीं देगी और आने वाले समय में जनहित तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सडक़ पर उतरकर लड़ाई जारी रखेगी।