सीएम ने #सीहोर में दिया 5 ‘पी’ का मंत्र…

सीहोर। जिले के औद्योगिक विकास में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। शुक्रवार को बडिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। मात्र 13 महीने के रिकॉर्ड समय में शुरू हुए इस प्लांट की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा सीहोर श्योर है, यहां निवेश सिक्योर है और रिटर्न भी एश्योर है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में लगातार आ रहे औद्योगिक निवेश के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। विधायक सुदेश राय ने कहा कि सीहोर में उद्योगों के लिए जमीन, बिजली, पानी और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी तमाम सुविधाएं मौजूद हैं। बडिय़ाखेड़ी में देश के इतने बड़े प्लांट का शुरू होना सीहोर की औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। इस संयंत्र के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अभूतपूर्व अवसर तैयार होंगे और जिले की आर्थिक स्थिति को नई मजबूती मिलेगी।
2000 युवाओं को रोजगार, 888 करोड़ का निवेश
50 एकड़ क्षेत्र में फैले इस विशाल संयंत्र को 888 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इससे क्षेत्र के 2000 से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे। यहां 220 केवी से 1200 केवी तक की अति उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मर बनाए जाएंगे। संयंत्र की उत्पादन क्षमता हर दिन एक ट्रांसफार्मर बनाने की है, जो देश के ऊर्जा ढांचे को नई दिशा देगा।
भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन का अहम केंद्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सीहोर, भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राजधानी के साथ इसकी कनेक्टिविटी बढऩे से यह पूरा क्षेत्र व्यावसायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। मध्य प्रदेश अब पैशन, पोटेंशियल, पॉलिसी, परफॉर्मेंस और प्रोडक्शन की नीति पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव और विधायक सुदेश राय ने संयंत्र का भ्रमण कर निर्माण प्रक्रिया और आधुनिक तकनीकों का जायजा लिया। समारोह में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर बालागुरु के. एसपी सोनाक्षी सक्सेना, कंपनी के चेयरमैन वेलियान सुबैया एवं सीईओ अमर कौल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।