कांग्रेस नेता राजपूत का अल्टीमेटम आया काम, जागा प्रशासन

#Sehore, सीहोर। चार महीनों से बदहाल और जर्जर पड़ी बुधनी-गडरिया नाला-शाहगंज सडक़ की मरम्मत को लेकर जनहित में उठाई गई आवाज आखिरकार रंग लाई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोनू राजपूत के नेतृत्व व अल्टीमेटम और ग्रामीणों की एकजुटता के आगे प्रशासनिक अमले को तुरंत हरकत में आना पड़ा। सडक़ पर बने जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए सोनू राजपूत के आह्वान पर जैसे ही ग्रामीण स्वयं औजार लेकर पहुंचे, प्रशासन ने मौके पर मशीनरी और गिट्टी.मटीरियल से भरा ट्रक भेजकर तुरंत गड्ढे भरवाने का काम शुरू कराया।
बता दें सडक़ की दयनीय हालत और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोनू राजपूत ने गुरुवार को एसडीएम संजीव कुमार नागू से सीधी चर्चा की थी। सोनू राजपूत ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया था कि यदि शुक्रवार सुबह 11 बजे तक सडक़ मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्र के नागरिक और किसान बिना किसी राजनीतिक बैनर के गैर-राजनीतिक रूप से जनसहयोग अभियान चलाकर खुद सडक़ सुधारने उतरेंगे।
सडक़ पर उतरे ग्रामीण, बैकफुट पर आया प्रशासन
सोनू राजपूत द्वारा तय समय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और स्थानीय नागरिक गैंती-फावड़े लेकर सडक़ पर उतर आए और गड्ढे भरने की तैयारी करने लगे। ग्रामीणों के आक्रोश और सोनू राजपूत की जनसहयोग मुहिम की भनक लगते ही प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में आ गया। बिना देर किए मौके पर सडक़ निर्माण की मशीनरी और मटीरियल भिजवाया गया, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने गड्ढे भरने की प्रक्रिया शुरू की।
तात्कालिक राहत मिली, पर स्थायी निर्माण जरूरी
प्रशासनिक अमले द्वारा तुरंत कार्य शुरू कराए जाने पर सोनू राजपूत ने एसडीएम संजीव कुमार नागू की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया। सोनू राजपूत ने कहा कि सडक़ की दुर्दशा किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा मामला था। ग्रामीणों की एकजुटता के कारण सो रहा प्रशासन जागा है। उन्होंने आगे कहा कि गड्ढे भरने से राहगीरों को फिलहाल तात्कालिक राहत मिलेगी, लेकिन क्षेत्रवासियों की स्थायी सुविधा के लिए इस मार्ग का गुणवत्तापूर्ण और मजबूत नया निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है।
अभियान में ये नागरिक रहे उपस्थित
जनसहयोग अभियान में सोनू राजपूत के साथ कपिल मल्होत्रा, राकेश यादव, हरीश मालवीय, बसंत सिंह राजपूत, संतोष राजपूत, मुकेश कुशवाहा, प्रवीण चौहान, दिनेश राजपूत, धनराज यादव, अरुण यादव, गौरी यादव, अशोक यादव, मोहित मराठा और अजेश मराठा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।