Sehore News: सीहोर। जिले के आष्टा से खुशी-खुशी दुल्हन लेकर लौट रहे बारातियों के लिए रविवार की रात काल बनकर आई। इंदौर के देवगुराडिय़ा स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास बारातियों से भरी एक क्वालिस कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस भीषण सडक़ हादसे में 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों के घरों में जहां शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा है।
परिजनों के अनुसार बारात आष्टा से विवाह समारोह संपन्न कर इंदौर लौट रही थी। चपड़ा से ही ट्रक का ड्राइवर वाहन को काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास ट्रक ड्राइवर ने एक अन्य गाड़ी को ओवरटेक किया और अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण पीछे चल रही क्वालिस कार का ड्राइवर संतुलन नहीं बना पाया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
तीन की मौके पर, एक की अस्पताल में मौत
पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में इरफान 24 पिता अशफाक, आरिस 20 वर्ष पिता साजिद, फरहान 19 वर्ष पिता जावेद मेव, अरफाद 23 वर्ष पिता रईस खान की मौत हो गई है। जबकि आसिफ, मो. अली, अयान, सोनू, मो. कैफ, रेहान, अलफेज और फैजान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार एमवाय अस्पताल में चल रहा है।


