भाजपा के देवालय की तीसरी बार नींव, क्या अब पूरा होगा सपना…

06 sehore photo 03

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के सीहोर जिला कार्यालय के साथ एक ऐसा संयोग जुड़ गया है जो प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोमवार को भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर क्रिसेंट चौराहा स्थित प्रस्तावित स्थल पर नवीन जिला कार्यालय का भूमिपूजन संपन्न हुआ। दिलचस्प बात यह है कि यह भाजपा का वह सौभाग्यशाली कार्यालय होगा जिसकी नींव पिछले कुछ वर्षों में तीन अलग-अलग जिलाध्यक्षों के कार्यकाल में रखी जा चुकी है।
बता दें भाजपा का यह नया भवन अपने आप में इतिहास रच रहा है। इस कार्यालय का भूमिपूजन सबसे पहले तत्कालीन जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी के समय हुआ था। इसके बाद रवि मालवीय के कार्यकाल में और अब वर्तमान जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के नेतृत्व में तीसरी बार भूमिपूजन किया गया है। कार्यकर्ताओं के बीच अब यह उम्मीद जागी है कि तीन बार की आधारशिला के बाद अब भवन निर्माण का कार्य धरातल पर उतरेगा और पूर्ण होगा।
एक साल का लक्ष्य
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री ने इसे संगठन की मजबूती का केंद्र बताया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट लक्ष्य देते हुए कहा कि निर्माण कार्य एक साल के भीतर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि अगले वर्ष 6 अप्रैल को ही इसका लोकार्पण हो सके।
दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में जिले के कद्दावर नेताओं की उपस्थिति रही, जिसमें कृष्णा गौर प्रभारी मंत्रीद्ध उन्होंने कार्यालय को भाजपा कार्यकर्ताओं का देवालय बताया। जबकि राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा इसे संगठन को सशक्त बनाने वाला कदम कहा। युवा नेता कार्तिकेय चौहान ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के लिए संगठन से जुडऩे का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने सभी का स्वागत किया और इसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा केंद्र बताया। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, रमाकांत भार्गव, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित जिले भर के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।