सीहोर। पांच दिन तक जिंदगी की जंग, रोजाना करीब 50 हजार रुपये का बोझ और इलाज पर लगभग 5 लाख रुपये खर्च, परिवार ने अपनी होनहार बेटी को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन आखिरकार डेंगू का बुखार और ब्रेन स्ट्रोक 21 वर्षीय अंकिता ठाकुर को लील गया। शनिवार 21 नवंबर सुबह करीब 4 बजे भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में अंकिता ने अंतिम सांस ली। जिस बेटी की जान बचाने के लिए एक दिन पहले तक सोशल मीडिया पर मदद की अपील की जा रही थी, अगले ही दिन उसे नम आंखों से विश्राम घाट पर अंतिम विदाई दी गई।
परिजनों के अनुसार 16 नवंबर को बुखार आने पर अंकिता को बुधनी सिविल अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद ब्लड सैंपल लिए और अगले दिन रिपोर्ट देने को कहा। 17 नवंबर को रिपोर्ट आने के बाद उसे भर्ती किया गया, बोतल चढ़ाई गई और दो इंजेक्शन लगाए गए।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अंकिता को तेज ठंड लगने लगी। मां रागिनी ठाकुर ने जब यह बात डॉक्टरों को बताई तो बोतल हटाई गई और इंजेक्शन लगाए गए। कुछ ही देर में अंकिता को उल्टियां शुरू हुईं और वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और गंभीर अवस्था में उसे नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया।
नर्मदापुरम से भोपाल तक दौड़
नर्मदापुरम में परिजन अंकिता को पांडे नर्सिंग होम ले गए, जहां जांच में ब्लड प्लेटलेट्स कम पाए गए। परिजनों के मुताबिक वहां एचडीपी और आरडीपी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उसे भोपाल रेफर किया गया। भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में पांच दिन तक वह एमआईसीयू में वेंटिलेटर पर रही। परिजनों के अनुसार अस्पताल में रोजाना करीब 50 हजार रुपये का खर्च आ रहा था और उपचार में लगभग 5 लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद 21 नवंबर तडक़े उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों के रूप में ब्रेन स्ट्रोक और डेंगू का उल्लेख किया गया है।
एक ही घर के तीन सदस्य डेंगू संक्रमित
अंकिता की मौत के साथ एक ही परिवार के तीन सदस्यों के डेंगू पॉजिटिव मिलने ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। अंकिता के बाद उसकी छोटी बहन राशि और मां रागिनी ठाकुर की रिपोर्ट भी डेंगू पॉजिटिव आई है। पड़ोसियों के अनुसार इसी क्षेत्र में पहले भी डेंगू के मामले आ चुके हैं। परिजनों ने राशि को अस्पताल से छुट्टी दिलाकर घर पहुंचाया, जबकि मां रागिनी के उपचार की तैयारी के बीच बेटी की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।
सीबीएमओ की सफाई और सिस्टम पर सवाल
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीण् बड़ोदिया ने बताया कि अंकिता को बुधनी सिविल अस्पताल में उपचार व कुछ जांचों के बाद स्थिति गंभीर होने पर नर्मदापुरम रेफर किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधनी सिविल अस्पताल में डेंगू जांच की सुविधा नहीं है और यह जांच जिला चिकित्सालय में होती है।
अंकिता यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और बुधनी के गुरुकुल स्कूल में पढ़ाती थी। उसके पिता सुशील कुमार ठाकुर 2008 से बुधनी में रह रहे हैं और परिवार में पांच बेटियां व एक बेटा है। होनहार बेटी के जाने, 5 लाख रुपये खर्च होने और एक ही घर में तीन संक्रमित मिलने के बाद क्षेत्र में फॉगिंग, लार्वा सर्वे, साफ सफाई और उपचार व्यवस्था को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।


