#विधायक बोले- दिखवाता नहीं हूं, तुरंत कार्रवाई करो…

@सीहोर। विधायक सुदेश राय बुधवार को विधानसभा के अंचल क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बिछिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र में चौंकाने वाली जमीनी हकीकत सामने आई, जिसे देखकर विधायक भी दंग रह गए। आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को शासन की योजना के अनुसार पौष्टिक भोजन नसीब ही नहीं हो रहा था और उन्हें केवल सादे चावल परोसे जा रहे थे।
अचानक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक सुदेश राय ने जब केंद्र में बच्चों की थाली और व्यवस्थाओं को देखा तो वहां केवल चावल रखे हुए थे। जब विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों से भोजन के बारे में पूछताछ की तो कर्मचारियों ने बताया कि केंद्र पर रोटी और सब्जी आती ही नहीं है। बच्चों को नियमित रूप से केवल चावल ही दिया जा रहा है। मासूम बच्चों के पोषण और डाइट चार्ट के साथ हो रहे इस सीधे खिलवाड़ की बात सुनकर विधायक सुदेश राय का पारा चढ़ गया और वे लापरवाही पर सख्त आक्रोशित नजर आए।

विधायक ने ऑन द स्पॉट लगाया फोन
आंगनबाड़ी केंद्र की दुर्दशा और बच्चों को मिलने वाले भोजन की हकीकत देखते ही विधायक सुदेश राय ने बिना देर किए तुरंत महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को फोन मिलाया। उन्होंने जमीनी स्थिति से अधिकारी को अवगत कराते हुए नाराजगी जताई और फोन पर ही ऑन द स्पॉट निर्देश दिए। बताया कि आंगनबाड़ी में बच्चों के लिए मात्र चावल हैं… सिर्फ चावल। मैं मौके की फोटो भी भेज रहा हूं, फोन स्पीकर पर था, जिस पर सामने से आवाज आई कि मैं दिखवाता हूं, इतना सुनते ही विधायक सुदेश राय बोल, दिखवाता नहीं हूं, तुरंत कार्रवाई करो।