#Sehore, सीहोर। सत्यसाईं यूनिवर्सिटी के पास जंगली जानवर की मौजूदगी से हडक़ंप मच गया है। पचामा दरगाह के पास स्थित एक खेत में कुएं पर बंधी गाय को किसी अज्ञात जंगली जानवर ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद से किसानों और छात्र-छात्राओं में भारी दहशत का माहौल है।

किसान सन्नी यादव और मनीष यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका खेत पचामा दरगाह के पास स्थित है। खेत पर बने कुएं के पास उन्होंने अपनी गाय बांध रखी थी। किसान के मुताबिक रात करीब 3 बजे जब वे उठे थे, तब गाय बिल्कुल सुरक्षित और वहीं बंधी हुई थी। इसके बाद सुबह 4 से 5 बजे के बीच यह घटना घटी। जब वे दोबारा वहां पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि गाय का क्षत-विक्षप्त शव पड़ा हुआ है और आसपास जंगली जानवर के पगमार्ग मौजूद हैं।
बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे
किसान ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाने के लिए जब उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का प्रयास किया तो पता चला कि कैमरे बंद पड़े थे। यदि कैमरे चालू होते तो जानवर की सही पहचान आसानी से हो जाती।
हजारों छात्र-छात्राओं का है आना-जाना
बता दें सत्यसाईं यूनिवर्सिटी का यह पूरा क्षेत्र काफी संवेदनशील माना जाता है। यहां रोजाना हजारों की संख्या में दूर-दूर से छात्र-छात्राएं पढऩे के लिए आते हैं। कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस के पास इस तरह खुले में जंगली जानवर द्वारा मवेशी का शिकार किए जाने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवालिया निशान लग गया है।
एक महीने पहले अवधपुरी में दी थी बाघ ने दस्तक
गौरतलब है कि महज एक महीने पहले ही अवधपुरी क्षेत्र में एक बाघ ने अपनी दस्तक दी थी। वह बाघ एक किसान के घर में घुसते हुए, खेत से होता हुआ रेलवे पटरियों के किनारे-किनारे भागा था। उस दौरान वन विभाग की टीम ने काफी दिनों तक कॉम्बिंग और सर्चिंग ऑपरेशन चलाया था, लेकिन बाघ का कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लग सका था।
वन विभाग से सुरक्षा की मांग
अब एक बार फिर सत्यसाईं कॉलेज के पास जंगली जानवर द्वारा गाय को शिकार बनाए जाने की इस घटना ने पुरानी दहशत को ताजा कर दिया है। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सर्चिंग टीम भेजी जाए, पगमार्गों की जांच कर जानवर की पहचान की जाए और इलाके में गश्त बढ़ाई जाए ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।


