सीहोर। घर की अलमारी यानी गोदरेज में सुरक्षित रखे सोने के आभूषणों पर एक बालक ने चुपके से हाथ साफ कर दिया। हालांकि उसकी यह चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी और मंडी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न केवल विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में ले लिया, बल्कि चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया। बरामद सोने के जेवरों की कीमत लगभग 1 लाख 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला थाना मंडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संग्रामपुर का है। यहां रहने वाली 45 वर्षीय फरियादिया राजकुमारी मेवाड़ा पति भगमल मेवाड़ा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में रखी गोदरेज से सोने का मंगलसूत्र और कान की झुमकी चुरा ली है। परिवार को जब आभूषण गायब मिले तो चोरी का पता चला। पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच में लिया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बनी टीम
चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मंडी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान ने एक पुलिस टीम गठित की। टीम को चोरी गए माल की तलाश और आरोपियों की पतारसी का जिम्मा सौंपा गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, 1.54 लाख के आभूषण जब्त
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया और उससे सख्ती व संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बालक ने गोदरेज से आभूषण चुराने की घटना को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही और कब्जे से पुलिस ने चोरी किया गया एक सोने का मंगलसूत्र और सोने की कान की झुमकी विधिवत जब्त कर ली। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 1,54000 रुपये आंकी गई है।


