@सीहोर। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल भोपाल नाका से टाउन हॉल तक का क्षेत्र जल्द ही एक नए और आकर्षक रूप में नजर आएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास की कड़ी में बुधवार को 2.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य भूमिपूजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़े और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी।
बता दें लंबे समय से भोपाल नाका से टाउन हॉल क्षेत्र में बेहतर जल निकासी और व्यवस्थित विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मानसून के दौरान जलभराव से आम नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस 2.25 करोड़ के प्रोजेक्ट के पूरा होने पर जल निकासी की विकराल समस्या का स्थायी समाधान तो होगा ही साथ ही मुख्य मार्ग का स्वरूप भी सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित हो जाएगा।
विकास को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़े ने कहा कि सीहोर शहर लगातार प्रगति की राह पर अग्रसर है। नगर पालिका जन आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को स्वीकृत करा रही है। भोपाल नाके से टाउन हॉल तक होने वाला यह कार्य क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे न केवल यातायात और नागरिक सुविधाएं सुलभ होंगी बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण को भी नया आयाम मिलेगा।
शहर को सुंदर बनाना लक्ष्य
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर सरकार का मुख्य ध्येय मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्माण कार्य सिर्फ नाले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उन्होंने कहा सीहोर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाना हमारी प्राथमिकता है। सडक़, नाली, पेयजल, प्रकाश और स्वच्छता जैसे बुनियादी ढांचे को शहर के हर वार्ड में मजबूत किया जा रहा है।


