ऋषि के लिए #सीहोर के नेताओं ने मांगी मदद, इछावर के मौन…

@सीहोर। एक तरफ जहां गंभीर बीमारी से जूझ रहे मासूम बच्चे की जान बचाने के लिए सीहोर के जनप्रतिनिधि आगे आ रहे हैं, वहीं बच्चे की अपनी ही गृह विधानसभा इछावर के नेताओं की खामोशी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बता दें इछावर विधानसभा की दुर्गपुरा ग्राम पंचायत के छोटे से गांव बिशनखेड़ा का रहने वाला नन्हा ऋषि अत्यंत गंभीर बीमारी से पीडि़त है। डॉक्टरों के अनुसार उसके इलाज और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन के लिए एक बेहद बड़ी धनराशि की जरूरत है, जो इस गरीब परिवार के वश से बाहर है।
हाथ जोडक़र बोले विधायक सुदेश राय
मासूम ऋषि की पीड़ा देखकर सीहोर विधायक सुदेश राय खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर आम जनता और समाजसेवियों से मदद की गुहार लगाई है। वीडियो में विधायक एक जनप्रतिनिधि के बजाय एक संवेदनशील अभिभावक की तरह भरे गले और हाथ जोड़े नजर आए।
विधायक ने अपील करते हुए कहा यह प्यारा सा बच्चा ऋषि गंभीर बीमारी से ग्रसित है। परिवार इतना खर्चीला इलाज कराने में असमर्थ है। मैं आप सभी से हाथ जोडक़र निवेदन करता हूं कि अपनी स्वेच्छा से आगे आएं और इस बच्चे को नया जीवन देने में मदद करें। विधायक सुदेश राय ने यह भी कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से व्यक्तिगत मुलाकात कर सरकारी सहायता मंजूर कराने का प्रयास करेंगे।
प्रिंस राठौर ने भी की मदद की गुहार
विधायक के साथ सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से आर्थिक मदद की अपील की है। विधायक के वीडियो वायरल होते ही सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के समाजसेवी व आम नागरिक मदद के लिए हाथ बढ़ाने लगे हैं।
इछावर के जनप्रतिनिधि मौन
हैरत की बात यह है कि पीडि़त मासूम ऋषि इछावर के बिशनखेड़ा का निवासी है, लेकिन इसके बावजूद इछावर क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि अब तक उसकी मदद के लिए आगे नहीं आए हैं। क्षेत्रीय नेताओं की इस बेरुखी और चुप्पी चर्चाओं का कारण बन गई है।