सीहोर। जिले की सडक़ों पर रफ्तार का जुनून और लापरवाही अब मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। जिला मुख्यालय और बुधनी में हुई दर्दनाक घटनाओं के बाद अब शाहगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। पिछले 48 घंटों के भीतर जिले में चार लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दें सोमवार शाम करीब 6 बजे शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जोनतला जोड़ के पास हादसा हुआ। हथनोरा निवासी जगदीश कीर अपनी पत्नी रुखमणी और 8 वर्षीय बेटे के साथ बाइक से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रुखमणी कीर ट्राले की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और मासूम बेटा घायल हो गए। राहगीर अनिकेत चौहान ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल बुधनी पहुंचाया। पुलिस ने ट्राला जब्त कर बकतरा चौकी में खड़ा कराया है और संबंधित कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह ट्राला क्षेत्र में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य में लगा हुआ था।
48 से सीहोर और बुधनी में काल बनी रफ्तार
बता दें शनिवार रात सीहोर मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में मानवता शर्मसार हो गई। नशे में धुत पिकअप चालक सुनील ठाकुर ने हनुमान फटक निवासी दो किशोरों 16 वर्षीय अमित और 12 वर्षीय विवेक को बेरहमी से कुचल दिया। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है, जिसके मेडिकल परीक्षण में अत्यधिक नशे की पुष्टि हुई है।
तेज रफ्तार कार ने ली जान
बुधनी नेशनल हाईवे-46 पर रविवार शाम करीब 7 बजे मंडीदीप निवासी चार दोस्त अपनी हुंडई अमेज कार से नर्मदापुरम से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गडरिया नाला ओवरब्रिज पर पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण चालक दीपेश शर्मा ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार तेज गति से डिवाइडर से टकराई और उछलकर हाईवे की दूसरी लेन में चली गई। हादसे के बाद मनीष वर्मा निवासी वेदांत कॉलोनी मंडीदीप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चालक दीपेश शर्मा निवासी बरेली की हालत नाजुक है, जबकि कृष्णकांत वर्मा निवासी बुधनी का मधुबन अस्पताल में और देवेंद्र विश्वकर्मा निवासी शीतल सिटी मंडीदीप नर्मदापुरम जिला अस्पताल में भर्ती हैं।


