सीहोर। इछावर नगर में चल रही ‘फौजी’ वेब सीरीज की शूटिंग सोमवार को विवादों के घेरे में आ गई। मंदिर परिसर में ठहरी फिल्म यूनिट द्वारा मांसाहारी भोजन बनाने की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर बस स्टैंड क्षेत्र में शूटिंग के कारण रास्ते बंद होने से स्थानीय व्यापारियों में भी भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार वेब सीरीज की शूटिंग टीम पिछले तीन दिनों से इछावर में रुकी हुई है। टीम का ठहराव एक परिसर में है, जहां हनुमान जी का मंदिर स्थित है। बजरंग दल के सौरभ मकरेया ने बताया कि संगठन को सूचना मिली थी कि मंदिर की मर्यादा के विरुद्ध परिसर में ही अंडा और मांस पकाया जा रहा है। जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो वहां अंडे और चिकन की सब्जी तैयार मिली। कार्यकर्ताओं ने इसे हिंदू धर्म की आस्था पर चोट और मंदिर की पवित्रता भंग करने वाला कृत्य बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
परिसर खाली करने की मांग
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दो टूक शब्दों में प्रशासन और शूटिंग यूनिट को चेतावनी दी है कि धार्मिक स्थल की मर्यादा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि यूनिट को तत्काल वहां से हटाया जाए। यदि मंगलवार तक परिसर खाली नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
व्यापारियों की रोजी रोटी पर संकट
विवाद सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि आर्थिक भी है। शूटिंग टीम ने इछावर बस स्टैंड परिसर को रस्सियों से बांधकर ब्लॉक कर दिया है। इस कारण सब्जी, फल और अन्य दुकानदारों का व्यापार ठप हो गया है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि ग्राहकों के आने-जाने का रास्ता बंद होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।


