बसपा ने उठाए पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल…

10 sehore photo 06

सीहोर। बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई ने सोमवार को पत्रकार वार्ता आयोजित कर जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बसपा नेताओं ने जिले में बढ़ते अपराध, अवैध उत्खनन और बाबा साहेब के अपमान जैसे मुद्दों पर घेराबंदी करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन और सत्ताधारियों के संरक्षण में जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कमलेश कुमार ने आष्टा के ग्राम धर्मपुरी में हुए दोहरे हत्याकांड पर पुलिस को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने बताया कि पीडि़त परिवार ने पहले ही जानलेवा हमले की आशंका जताते हुए कलेक्टर और एसपी को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने 6 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की। बसपा का आरोप है कि यदि समय रहते थाना प्रभारी सख्त कदम उठाते तो सगे भाई-बहन की हत्या नहीं होती। पार्टी ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बाबा साहेब का अपमान, साक्ष्य मिटाने का आरोप
कोतवाली क्षेत्र में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर उपवन में प्रतिमा को क्षति पहुंचाने के मामले में बसपा ने नगर पालिका और पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज वाला कार्ड करप्ट होना एक सोची-समझी साजिश है ताकि सत्ता पक्ष से जुड़े रसूखदार आरोपियों को बचाया जा सके। 6 दिन बीतने के बाद भी नपा द्वारा खंडित चित्र न हटाना बाबा साहेब का खुला अपमान है।
नर्मदा का सीना हो रहा छलनी
जिलाध्यक्ष संजीव बोद्ध ने नर्मदा नदी में मशीनों और पनडुब्बियों से हो रहे बेखौफ अवैध उत्खनन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि माइनिंग विभाग के संरक्षण में यह गौरखधंधा फल फूल रहा है। इसके साथ ही जिला मुख्यालय के आसपास अधिकारियों की मिलीभगत से काटी जा रही सैकड़ों अवैध कॉलोनियों पर भी बसपा ने कड़ा ऐतराज जताया।
निजी स्कूलों की मनमानी
अनोखी लाल मालवीय और नर्सिंग भारती ने बताया कि जिले के गांवों में अवैध शराब का कारोबार चरम पर है, जिससे महिलाएं और युवा परेशान हैं। वहीं इछावर में छात्रा को परीक्षा से वंचित करने जैसे मामले निजी स्कूलों की मनमानी को दर्शाते हैं।
15 मार्च को होगी बड़ी जनसभा
बसपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इन ज्वलंत समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं की तो पार्टी बड़ा जन आंदोलन करेगी। बसपा नेताओं ने बताया कि आगामी 15 मार्च को मान्यवर कांशीरामजी की जयंती पर मुख्यालय में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इन सभी मुद्दों पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान होगा। इस अवसर पर अनोखी लाल मालवीय, नर्मदा प्रसाद सागर, नर्सिंग भारती, धनराज सिंह थरेले, रामस्वरूप भारती और राकेश मालवीय सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।