इछावर में दिनदहाड़े लूट, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को पीटा, सोने की चेन झपटकर हुए फरार

10 sehore photo 05

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की एक वारदात को अंजाम दिया है। ढाबला-सेमली मार्ग पर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन लूटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आयुष नाम का युवक, जो एक कृषि दवाई कंपनी में कार्यरत है। सोमवार को सीहोर से इछावर होते हुए सेमली गांव की ओर जा रहा था, जैसे ही वह ढाबला-सेमली सडक़ पर पहुंचा, पीछे से आए दो बाइक सवारों ने उसका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
चेन छीनी और जंगल के रास्ते भागे
पीडि़त के अनुसार मारपीट के दौरान बदमाशों ने युवक के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से बाइक दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए। पीडि़त आयुष ने इछावर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने गठित की टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए इछावर थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के अनुसार युवक की शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं और संदिग्ध रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।