सीहोर। शहर के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर मोहल्ला समिति द्वारा इस वर्ष भी होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया। रंगपंचमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मोहल्लेवासियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि इस मोहल्ला समिति द्वारा होली मिलन की यह अनूठी परंपरा वर्ष 1994 से निरंतर जारी है। पिछले 32 वर्षों से बिना रुके आयोजित हो रहे इस समारोह ने आज एक वृहद रूप ले लिया है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि किस तरह छोटे स्तर से शुरू हुआ यह आयोजन आज पूरे क्षेत्र के लिए एक उत्सव बन चुका है, जो आपसी मतभेदों को भुलाकर सबको एक सूत्र में पिरोता है।
समाजसेवी अशोक बियानी का हुआ अभिनंदन
समारोह के दौरान समिति द्वारा समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद अशोक बियानी का विशेष रूप से सम्मान किया गया। समिति सदस्यों ने समाज सेवा और क्षेत्र के विकास में उनके निरंतर योगदान की सराहना की। सम्मान से अभिभूत श्री बियानी ने कहा कि मोहल्ला समिति का यह प्रयास सराहनीय है, क्योंकि ऐसे आयोजनों से ही हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता जीवंत रहती है।
मातृशक्ति और प्रबुद्धजनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मोहल्ले की महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। उपस्थित प्रमुख जनों में शांतिलाल साबू, डॉ. सुरेश झंवर, राजकुमार गुप्ता, गोपाल सोनी, विजय चांडक, दीपक सोनी, साकेत कासट, पंकज साबू, योगेश राठीए पंकज मोदी, प्रतिभा झंवर, आभा कासट, शोभा चांडक, रजनी बाहेती, अनीता बांगड़, प्रमिला साबू आदि मौजूद रहे। समारोह के दौरान गुप्तेश्वर महादेव के जयकारों के बीच फाग गीतों और भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे।


