शिक्षा के मंदिर में ‘साहब’ का चंदा अभियान…

02 sehore photo 11

Sehoew News: सीहोर। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विभाग में इन दिनों एक बड़े साहब के अजीबोगरीब कारनामे चर्चा का विषय बने हुए हैं। अपनी मनमानियों और विभाग की खामियों को मीडिया की सुर्खियों से बचाने के लिए साहब ने एक नया जुगाड़ निकाला है। चर्चा है कि साहब ने विभाग के मलाईदार पदों पर बैठे बाबूओं से बाकायदा चंदा वसूली शुरू कर दी है। तर्क यह दिया जा रहा है कि नकारात्मक खबरों को रोकने के लिए मैनेजमेंट जरूरी है।
अब आलम यह है कि अपनी जेब हल्की होते देख बाबूओं का दर्द छलकने लगा है। दबी जुबान में गलियारों में यह सवाल तैर रहा है कि आखिर वसूली गई यह मोटी रकम जा कहां रही है, क्या वाकई खबरें रोकने वालों तक कुछ पहुंच रहा है या साहब इस चंदे की आड़ में अपनी ही तिजोरी भर रहे हैं।
साहब का रसूख ऐसा है कि जनप्रतिनिधियों से नजदीकियों का वे पूरा फायदा उठाते हैं। मातहतों का हौसला बढ़ाने के लिए अब उन्होंने नया जुमला ईजाद किया है। वे अधीनस्थों से कहते फिर रहे हैं दोनों बड़े साहब और मैडम ने क्लीन चिट दे दी है। मीडिया का काम तो छापना है, तुम तो बस अपना काम करते रहो। अब देखना यह है कि रसूख की ढाल के पीछे चल रहा यह चंदा खेल कब तक परदे के पीछे रहता है।