एनएच-46 पर टला बड़ा हादसा, अमोनिया गैस से भरे टैंकर में रिसाव से मचा हडक़ंप

04 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। नेशनल हाईवे क्रमांक 46 पर गुरुवार सुबह उस समय एक बड़ा और भयानक हादसा टल गया, जब कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। हाइवे पर गैस रिसाव की खबर फैलते ही प्रशासनिक अमले और राहगीरों में हडक़ंप मच गया। हालांकि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते मोर्चा संभाल लिया, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से बच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान सोनाक्षी सक्सेना भी स्थिति का जायजा लेने खुद मौके के लिए रवाना हुईं।
जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना दोराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोनाकच्छ टोल प्लाजा के पास की है। गुरुवार सुबह एनएच-46 से गुजर रहे अमोनिया गैस के टैंकर से अचानक तीखी गैस का रिसाव होने लगा। इसकी भनक लगते ही दोराहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई और सुरक्षा के लिहाज से टैंकर को टोल टैक्स के पास ही रुकवा लिया। पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और हाइवे से गुजरने वाले ट्रैफिक को सुरक्षित दूरी पर रोका।
दमघोंटू होती है अमोनिया
विशेषज्ञों के अनुसार अमोनिया गैस बेहद तीखी, दमघोंटू और जहरीली प्रकृति की होती है। हवा में फैलने पर यह इंसानों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सजगता के चलते इस गैस को पास की ग्रामीण या शहरी आबादी वाले क्षेत्र में फैलने से पहले ही रोक दिया गया। फायर ब्रिगेड और बचाव दल ने हवा में गैस के असर को कम करने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए, जिससे हाइवे से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
घटना की जानकारी देते हुए एसडीओपी पूजा शर्मा के अनुसार गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया था। रिसाव को पूरी तरह से बंद करने और टैंकर को सुरक्षित बनाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और हाइवे पर घबराने या पैनिक होने जैसी कोई बात नहीं है। समाचार लिखे जाने तक मौके पर एनडीआरएफ और पुलिस बल तैनात है। तकनीकी टीम टैंकर के वाल्व को पूरी तरह दुरुस्त करने में जुटी है, ताकि टैंकर को सुरक्षित रूप से आगे के सफर के लिए रवाना किया जा सके।