Sehore: अवैध शराब से भरी कार जब्त, डिक्की से मिले 584 क्वार्टर

19 sehore photo 11

Sehore News: सीहोर। जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुदनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुदनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि निर्माणाधीन हाईवे स्थित विहान फैक्ट्री के पास जर्रापुर रोड पर एक सफेद रंग की हुंडई एक्सेंट कार संदिग्ध हालत में खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब लोड की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो कार लावारिस हालत में खड़ी मिली।
कार की डिक्की से बरामद हुई 12 पेटी शराब
पुलिस टीम ने जब संदिग्ध हुंडई एक्सेंट कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की खोलते ही पुलिस अधिकारी दंग रह गए। कार की डिक्की में अवैध शराब की पेटियां ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं। पुलिस ने कार की डिक्की से कुल 12 पेटियां बरामद कीं, जिनमें से 584 क्वार्टर देशी प्लेन शराब जब्त की गई। जब्त की गई इस अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब के साथ-साथ हुंडई कार को भी जब्त कर लिया है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने जब्तशुदा अवैध शराब और कार को कानूनी प्रक्रिया के तहत अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में थाना बुदनी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।