Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित राजीव गांधी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन ने एक प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए जिला पंचायत में पदस्थ जिला परियोजना अधिकारी वाटरशेड योगेश पाठक का तबादला जिला पंचायत सीधी कर दिया है। उन्हें सीधी जिले में रिक्त पड़े जिला परियोजना अधिकारी के पद पर आगामी आदेश तक कार्य करने और नया अनुबंध निष्पादित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह आदेश राजीव गांधी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन के संचालक द्वारा भोपाल से जारी किया गया हैए जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। शासकीय आदेश के अनुसार जिला सीधी में वर्ष 2025-26 के लिए एक नई वाटरशेड परियोजना स्वीकृत की गई थी। अधिकारियों की कमी के कारण वर्तमान में इस परियोजना की प्रगति पूरी तरह शून्य है। चूंकि केंद्र व राज्य सरकार की इन वाटरशेड परियोजनाओं की अंतिम अवधि 30 सितंबर 2026 तक ही निर्धारित है इसलिए कम समय में कार्य को गति देने और योजना के सुचारू संचालन के लिए योगेश पाठक को सीधी भेजने का आपातकालीन निर्णय लिया गया है।
सीहोर से स्वत: भारमुक्त
जारी आदेश के तहत योगेश पाठक का जिला पंचायत सीहोर में पूर्व में किया गया संविदा अनुबंध 18 जून को समाप्त हो गया है। इस नियत तिथि को वे जिला पंचायत सीहोर से स्वत: भारमुक्त हो चुके हैं।
सीहोर में अब प्रभारी के भरोसे व्यवस्था
योगेश पाठक के स्थानांतरण के बाद अब सीहोर जिले में जिला परियोजना अधिकारी वाटरशेड का पद पूरी तरह रिक्त हो गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सीहोर जिले में इस महत्वपूर्ण पद के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। संविदा कर्मचारियों की सेवा शर्तों के निर्देश.2025 की कंडिका-6 के नियमों के तहत इस रिक्त पद पर जल्द ही किसी अन्य योग्य अधिकारी को प्रभार देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि सीहोर की परियोजनाओं के काम प्रभावित न हों।


