विपरीत हालातों में तुरंत निर्णय लेगी सीहोर पुलिस, मॉक ड्रिल में दिखा जवानों का दमखम

19 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। आधुनिक दौर में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना केवल लाठी चमकाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय सही रणनीति और त्वरित फैसले लेना सबसे अहम हो गया है। इसी नए विजन के साथ शुक्रवार को जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड पर पुलिस का आधुनिक चेहरा देखने को मिला। साप्ताहिक जनरल परेड के बाद आयोजित विशेष सत्र में पुलिस ने दंगाइयों और हिंसक भीड़ से निपटने के लिए अपनी रणनीति का कड़ा प्रदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के कड़े और सीधे इनपुट के बीच, जिले के भारी पुलिस बल ने यह साबित किया कि विपरीत से विपरीत हालातों में भी सीहोर पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद और सक्षम है।
बिना बड़े नुकसान के भीड़ पर काबू
आमतौर पर दंगों या उग्र प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और जनता दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। लेकिन इस बार की बलवा ड्रिल का मुख्य एंगल न्यूनतम नुकसान नीति पर आधारित था। मैदान पर जवानों को सिखाया गया कि किसी भी अप्रिय स्थिति में उग्र भीड़ को बिना कोई गंभीर चोट पहुंचाए या बिना किसी बड़े नुकसान के कैसे तितर-बितर किया जाए। एसपी ने परेड का बारीकी से निरीक्षण कर सभी थानों के प्रभारियों और जवानों को स्पष्ट किया कि फील्ड ड्यूटी के दौरान हाई लेवल अनुशासन और चौतरफा सतर्कता ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।
तकनीक और ताकत का अनूठा तालमेल
इस मॉक ड्रिल का सबसे खास हिस्सा था आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और रणनीति का आपसी समन्वय अभ्यास के दौरान दिखाया गया कि आंसू गैस के गोले दागने वाले दस्ते, लाठीचार्ज टीम और रिजर्व फोर्स के बीच आपसी तालमेल सेकंडों के हिसाब से कैसे काम करता है। विपरीत और भारी तनाव वाले माहौल में जवान बिना घबराए कैसे अत्याधुनिक उपकरणों का सही और सटीक इस्तेमाल कर सकते हैं। अचानक पैदा होने वाले सुरक्षा संकट के समय कमांडिंग ऑफिसर का एक त्वरित फैसला कैसे पूरी स्थिति को बिगडऩे से बचा सकता है।
246 जांबाजों ने पसीना बहाया
इस पूरी मॉक ड्रिल की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार की सुबह जिले के लगभग सभी थानों की कमान संभालने वाले मुख्य चेहरे मैदान पर पसीना बहाते नजर आए। इस हाई प्रोफाइल अभ्यास सत्र में एसडीओपी पूजा शर्मा के साथ कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव, मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर, श्यामपुर थाना प्रभारी स्वरूप सिंह, अहमदपुर थाना प्रभारी रमन सिंह और यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़ सहित कुल 246 जांबाज अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।