Sehore News: सीहोर। खामलिया रोड पर एक बड़ा सडक़ हादसा होने से हडक़ंप मच गया, जहां एक तेल और डामर से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। इस हादसे में गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और ड्राइवर-क्लीनर सुरक्षित हैं। लेकिन हादसे के तुरंत बाद दुर्घटनास्थल पर अजीब नजारा देखने को मिला। जैसे ही टैंकर से काले गाढ़े तेल का रिसाव शुरू हुआ आस-पास के ग्रामीणों में उसे बटोरने की होड़ मच गई। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर तेल लूटने के लिए दौड़ पड़े।
टैंकर पलटने और उससे तेल बहने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। कुछ ही देर में बच्चे, महिलाएं और पुरुष अपने घरों से जो हाथ लगा बाल्टी, डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलें और पीपे लेकर मौके पर पहुंच गए। सडक़ पर बह रहे गाढ़े काले तेल को डिब्बों में भरने के लिए लोगों के बीच खींचतान और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग यह भूल गए कि पलटे हुए टैंकर के पास जाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।
प्रभावित हुआ यातायात
सडक़ किनारे टैंकर पलटने और तेल लूटने के लिए जुटी लोगों की भीड़ के कारण खामलिया रोड पर वाहनों के पहिए थम गए और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तेल बटोर रहे लोगों को टैंकर से दूर खदेड़ा और भीड़ को नियंत्रित करते हुए सडक़ पर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया।


