वीबी जी राम जी योजना से अब गांव में ही मिलेगा ज्यादा काम, बढ़ेगी आमदनी

11 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार, बेहतर आय और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारत सरकार द्वारा लागू की गई विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण यानी वीबी जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। इस योजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूर परिवारों में हर्ष की लहर है। जिले की भैरुंदा तहसील के ग्राम महागांव जदीद की रहने वाली कृष्णा कीर ने इस कल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इस नई योजना के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी मिलेगी। इसके साथ ही देश के किसी भी राज्य में दैनिक मजदूरी 300 रुपये से कम नहीं होगी, जबकि राष्ट्रीय औसत मजदूरी बढक़र लगभग 327 रुपये प्रतिदिन हो गई है।
योजना के लाभ को लेकर ग्राम महागांव जदीद निवासी कृष्णा कीर कहती हैं कि पहले रोजगार के केवल 100 दिन मिलते थे, लेकिन अब 125 दिनों तक काम मिलने से उनके परिवार की आय में बढ़ोतरी होगी और आर्थिक स्थिति पहले से अधिक मजबूत बनेगी।
मजदूरी के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर
कृष्णा कीर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा यह योजना हम जैसे ग्रामीण और मजदूर परिवारों के लिए बहुत लाभकारी है। अब गांव के आसपास ही ज्यादा दिनों तक काम मिलेगा, जिससे बाहर मजदूरी के लिए जाने की मजबूरी खत्म होगी। रोजाना कम से कम 300 रुपये की मजदूरी मिलने से परिवार का खर्च चलाना आसान होगा और बच्चों की पढ़ाई सहित अन्य जरूरतें भी बेहतर तरीके से पूरी हो सकेंगी।
जल संरक्षण और विकास कार्यों को मिलेगी गति
नई योजना में केवल रोजगार के दिनों और मजदूरी में ही वृद्धि नहीं की गई है, बल्कि इसके जरिए ग्रामीण विकास को भी एक नई दिशा दी जा रही है। योजना के अंतर्गत मुख्य रूप से जल संरक्षण, तालाबों और खेत-तालाबों का निर्माण, वर्षा जल सहेजने के उपाय, ग्रामीण सडक़ों एवं आधारभूत संरचना का विकास, कृषि उत्पादकता बढ़ाने वाले कार्य, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा महिलाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
पुराने जॉब कार्ड रहेंगे मान्य
प्रशासनिक स्तर पर समय पर रोजगार उपलब्ध कराने, निर्धारित अवधि में सीधे बैंक खातों में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए भी योजना में बेहद प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। श्रमिकों की सुविधा के लिए पूर्व में बने हुए सभी जॉब कार्ड भी मान्य रहेंगे, जिससे उन्हें नया कार्ड बनवाने के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।