सीहोर। राजनीति के गलियारों में अक्सर गंभीरता और प्रोटोकॉल का बोलबाला रहता है, लेकिन सीहोर के विधायक सुदेश राय इस मामले में थोड़े अलग और अनूठे हैं। अपनी बेबाक मुस्कान और मजाकिया स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले सुदेश राय जहां भी जाते हैं, वहां का माहौल खुशगवार हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार को भैरूंदा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देखने को मिला।
भैरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और पीएम-जनमन योजना के बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। जब विधायक सुदेश राय हेलीपेड पर इन दिग्गज नेताओं का स्वागत करने पहुंचे तो उनके चिर-परिचित हंसमुख स्वभाव ने माहौल हंसी-मजाक में बदल दिया। सुदेश राय के अंदाज को देखकर प्रदेश स्तर के ये बड़े नेता भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और कुछ पलों के लिए ठहाके गूंज उठे।
व्यक्तित्व की खास पहचान है ‘हंसी-मजाक’
हर व्यक्ति का अपना एक स्वभाव होता है, लेकिन सुदेश राय की खासियत यह है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपनी जीवंतता नहीं खोते। सीहोर की जनता और उनके समर्थक बताते हैं कि ऐसा संभव ही नहीं है कि विधायक जी किसी कार्यक्रम में मौजूद हों और वहां हंसी-मजाक का माहौल न बने।
बड़े नेताओं के बीच भी सहज अंदाज
सुदेश राय की यह कला केवल स्थानीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। वे जब भी प्रदेश के बड़े नेताओं से मिलते हैं तो अपनी हाजिरजवाबी और मजाकिया लहजे से एक सहज वातावरण बना लेते हैं। कल का वाकया भी इसी का प्रमाण था, जहां मुख्यमंत्री और पांव-पांव वाले भैया शिवराज सिंह चौहान के साथ उनकी आत्मीयता और हंसी ने सबका ध्यान खींचा।


