Sehore: गांवों की रोशनी छीनने वाले शातिर चोर गिरफ्तार…

10 sehore photo 17

Sehore News: सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आधा दर्जन से अधिक गांवों को अंधेरे में डुबोने वाले शातिर चोर अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने ग्राम रामनगर-मोलगा के बीच 11 केवी लाइन के 18 बिजली खंभे तोडक़र तार चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी किया गया करीब 8 लाख रुपये का कीमती तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार और एक ओमनी कार बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के सहायक यंत्री विदुर दुबे ने 4 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मई की रात अज्ञात चोरों ने रामनगर और मोलगा के बीच स्थित 11 केवी लाइन के 18 खंभों को धराशायी कर दिया और वहां से भारी मात्रा में तार चोरी कर लिए। इस दुस्साहसिक वारदात के कारण क्षेत्र के कई गांवों की बिजली गुल हो गई थी और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे।
एसपी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी सुनीता रावत और एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच है। आरोपियों में अयान खां कोलीपुरा इछावर, जेद हसन ग्राम ब्रिजिशनगर, राजेन्द्र मेवाड़ा ग्राम ब्रिजिशनगर और राजा बामनिया ग्राम ब्रिजिशनगर शामिल हैं।
हथियार और कार बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 8 लाख रुपये कीमत के बिजली के तार जब्त किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार जैसे कटर, दराता और वह ओमनी कार भी जब्त की गई है जिसमें चोरी का माल भरकर ले जाया जाता था। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण सफलता में निरीक्षक पंकज वाडेकर, प्रधान आरक्षक विक्रम रघुवंशी, अमित चौहान, राजेश तिवारी, रामनरेश नरवरिया, आरक्षक नरेन्द्र जाट और सैनिक विक्रम सिंह की मुख्य भूमिका रही।