Sehore News: सीहोर। स्वयं को अनुशासित और कार्यकर्ताओं की पार्टी बताने वाले एक विशेष राजनीतिक दल के भीतर अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। शनिवार की रात क्रिसेंट चौराहा स्थित एक निजी होटल में उस समय असहज स्थिति निर्मित हो गई, जब पार्टी के ही तीन पदाधिकारियों ने संभाग प्रभारी के कमरे में पहुंचकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा खोल दिया। इसके अलावा भी कार्यालय और कार्यालय के बाहर भी शिकायत की गई है, खास बात यह है कि इन पदाधिकारियों के अलावा अन्य कार्यकर्ताओं ने भी शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार पार्टी के संभाग प्रभारी शनिवार को अल्प प्रवास पर सीहोर आए थे और क्रिसेंट चौराहा स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। रात के समय पार्टी के तीन पदाधिकारी उनसे मिलने होटल पहुंचे। बंद कमरे में हुई इस चर्चा के दौरान पदाधिकारियों ने मुखिया की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
पदाधिकारियों का छलका दर्द
संभाग प्रभारी से शिकायत करते हुए पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि वर्तमान में संगठन के भीतर निष्ठावान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को वह सम्मान नहीं मिल रहा है, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में कुछ चीजें सही दिशा में नहीं चल रही हैं और आपसी तालमेल का अभाव है।
अनुशासन के दावे पर उठे सवाल
यह मामला इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि यह दल सार्वजनिक मंचों से हमेशा खुद को कैडर बेस्ड और अनुशासित पार्टी होने का दावा करता रहा है। लेकिन जिस तरह से पदाधिकारियों ने होटल के कमरे में पहुंचकर सीधे संभाग प्रभारी को अपनी व्यथा सुनाई, उससे पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और असंतोष अब सार्वजनिक हो गया है।
पार्टी के भीतर खलबली
शनिवार रात हुई इस गुप्त शिकायत की खबर जैसे ही अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं तक पहुंची, पार्टी के भीतर खलबली मच गई। हालांकि संभाग प्रभारी ने इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि वे इस असंतोष की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंप सकते हैं।


